ट्रक और बाइक में टक्कर, एक की मौत
-सिग्नेचर ब्रिज के पास हुआ हादसा, दूसरा घायल, चालक ट्रक छोड़कर फरार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। तिमारपुर इलाके में वजीराबाद से सिग्नेचर ब्रिज की ओर जा रहे रास्ते पर एक ट्रक ने बुलेट मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार अनुज कुमार (35) की मौत हो गई, जबकि घायल युवक मुकेश कुमार (26) की हालत नाजुक बनी हुई है। तिमारपुर थाना पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार अनुज कुमार सपरिवार किराड़ी सुलेमान नगर में रहता था। शनिवार सुबह वह अपने परिचित मुकेश के साथ बुलेट से कही जा रहा था। बुराड़ी वजीराबाद फ्लाई ओवर से होते हुए सिग्नेचर ब्रिज की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने बुलेट में टक्कर मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने अनुज को मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
------
कलेक्शन एजेंट से लूटपाट करने वाले 3 धरे
नई दिल्ली। आनंदपर्वत थाना पुलिस ने एक कलेक्शन एजेंट से लूटपाट के मामले में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने 80 हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है। पकड़े गए बदमाशों की पहचान अमित, सुमित और रोहित के रूप में हुई है। पुलिस वारदात के मास्टरमाइंड को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है। एक सप्ताह पहले बदमाशों ने रामजस स्कूल के पास पिस्टल दिखाकर कलेक्शन एजेंट सुरेश कुमार से लूटपाट कर फरार हो गए थे। ब्यूरो