जूते बनाने की फैक्ट्री में लगी आग, कोई हताहत नहीं
नई दिल्ली। नांगलोई इलाके में बृहस्पतिवार सुबह एक जूता बनाने वाली फैक्ट्री की दूसरी मंजिल पर आग लग गई। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन लाखों का सामान जलकर राख हो गया। दमकल की दस गाड़ियों ने मौके पर पहुंच कर पांच घंटे में आग पर काबू पा लिया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। पुलिस आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन कर रही है। जानकारी के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह साढ़े छह बजे पुलिस को नांगलोई के नरेश पार्क में स्थित एक जूता चप्पल बनाने की फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की दस गाड़ियां मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि आग लगते ही फैक्ट्री में काम करने वाले सभी मजदूर बाहर निकल गए हैं। उसके बाद दमकल कर्मी आग बुझाने में जुट गए। सुबह 11 बजे आग पर काबू पा लिया गया। लापरवाही का मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है। ब्यूरो