सीआरपीएफ हवलदार के घर से बंदूक चोरी
नई दिल्ली। बिंदापुर इलाके के सेवक पार्क में रहने वाले सीआरपीएफ के हवलदार धर्मपाल (46) की बंदूक घर से चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, धर्मपाल की तैनाती पुलवामा में है। उनकी पत्नी भी सीआरपीएफ में एसआई हैं। उनकी तैनाती नागपुर में है। धर्मपाल ने 2007 में बंदूक खरीदी थी। वह संयुक्त परिवार में रहते हैं। परिवार में उनके दो भाई और उनके परिजन हैं। वर्ष 2016 में वह पूरे परिवार के साथ सेवक पार्क में रहने आए थे। उन्होंने अपने कमरे की अलमारी में बंदूक, कारतूस और लाइसेंस रखे थे। धर्मपाल के मुताबिक, जुलाई माह में वह दिल्ली आए तो अलमारी से बंदूक निकालकर सफाई की थी। फिर उसे अलमारी में रखकर पुलवामा चलेेे गए। गत 9 दिसंबर को वह फिर छुट्टी पर दिल्ली आए। 25 दिसंबर को उन्होंने अलमारी खोली तो बंदूक, 13 कारतूस और लाइसेंस गायब थे। इसके बाद उन्होंने बिंदापुर थाने में शिकायत दी।