पहली खबर हरियाणा के ध्यानार्थ
संदिग्ध हालात में दिल्ली पुलिस का सिपाही गायब
-20 दिसंबर को गांव बछोड़, महेंद्रगढ़, हरियाणा जाने की बात कह कर निकला था
-पुलिस गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के फर्स्ट बटालियन में तैनात एक हवलदार लापता हो गया है। तीन दिन पहले वह गांव बछोड़ महेंद्रगढ़ हरियाणा जाने के लिए निकला था, लेकिन वह गांव नहीं पहुंचा है। तीन दिन बाद हवलदार के भाई ने सीलमपुर थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत की है। सीलमपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर हवलदार की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक विकास शर्मा (43) दिल्ली पुलिस में बतौर हवलदार कार्यरत था। उसके भाई नवीन शर्मा के मुताबिक उसकी तैनाती फर्स्ट बटालियन में थी। वहां ड्यूटी करने के बाद वह सीलमपुर थाने में आकर रहता था। 20 दिसंबर की सुबह वह अपने गांव जाने के लिए निकला था। विकास जब घर नहीं पहुंचा तब उसका भाई विकास 23 दिसंबर को सीलमपुर थाने पहुंचकर उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई। जांच के दौरान उसके दोस्त रामवीर ने बताया कि गांव जाने से पूर्व विकास ने फोन कर घरवालों को आने की जानकारी दी थी। उधर पुलिस को सूचना मिली है कि विकास की एमटीएस के पेपर में ड्यूटी लगी थी। पुलिस उसके फोन को सर्विलांस पर लगा दिया है। साथ ही फोन के अंतिम लोकेशन के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
-----
12वीं कक्षा के छात्र को बंधक बनाकर लूटपाट
नई दिल्ली। शास्त्री नगर इलाके में बदमाशों ने घर में घुसकर 12वीं कक्षा के छात्र को बंधक बनाकर लूटपाट को अंजाम दिया। बदमाशों ने उसके मुंह में टेप लगाकर घर से लाखों के जेवरात व 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। छात्र के मुताबिक बदमाशों ने चंदा लेने के बहाने दरवाजा खुलवाया था। पुलिस को मौके से एक सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें बदमाश कैद हो गए हैै। सराय रोहिल्ला थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस के अनुसार नत्थू राम पांचाल सपरिवार शास्त्री नगर में रहता है। शनिवार सुबह नत्थूराम अपनी पत्नी के साथ गौतमबुद्धनगर में रहने वाले अपने रिश्तेदार के घर गया था। घर में उसका बेटा रामकिशन अकेला था। सुबह 11 बजे दरवाजा खुला होने की वजह से हथियार बंद दो बदमाश घर में घुस गए और वारदात को अंजाम दिया। ब्यूरो