आंख में मिर्च डालकर स्कूटी लूटी
-बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। निहाल विहार इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने एक स्कूटी सवार की आंख में मिर्च डालकर लूटपाट की। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी और स्कूटी, नकदी व अन्य सामान लेकर फरार हो गए। पीड़ित के बयान पर निहाल विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक हितेश सुलेजा सपरिवार विष्णु गार्डन में रहता है। शनिवार रात वह चंद्र विहार से काम कर स्कूटी से घर लौट रहा था। निहाल विहार इलाके में दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उसकी स्कूटी रोक ली। एक बदमाश उसे पीछे से पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने उसकी आंख में मिर्च का पाउडर डाल दिया और पिटाई कर दी। हितेश के विरोध करने पर बदमाशों ने उसे जान से मारने की धमकी देकर जेब से 35 हजार रुपये, दो मोबाइल फोन और स्कूटी लेकर फरार हो गए। स्कूटी में 72 हजार रुपये थे। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।