नोट: खबर बागपत और गाजियाबाद के लिए भी उपयोगी है
इंश्योरेंस पॉलिसी पर भारी बोनस का झांसा देकर ठगी
पुलिस ने कॉल सेंटर चला रहे 3 बदमाशों को वसुंधरा से किया गिरफ्तार
खुद को बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण का बताते थे अधिकारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मध्य जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने इंश्योरेंस पॉलिसी पर अधिक बोनस और रिटर्न देने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को वसुंधरा, गाजियाबाद से गिरफ्तार किया। आरोपी लोगों से ठगी के लिए कॉल सेंटर चला रहे थे। वे खुद को बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (आईआरडीए) का अधिकारी बताकर लोगों को झांसा देते थे। आरोपियों की पहचान गाजियाबाद निवासी विकास त्यागी उर्फ अमर सिंह (31), बागपत निवासी राहुल त्यागी उर्फ केसी गुप्ता (34) और साहिबाबाद निवासी सोनू कुमार उर्फ धनराज सिंह (30) के रूप में हुई है। तीनों देशभर के करीब 200 से अधिक लोगों से करोड़ों रुपये ठग चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से नौ मोबाइल, एक कंप्यूटर, कुछ फर्जी कागजात व अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस को मामले में कई अन्य आरोपियों की तलाश है।
पुलिस उपायुक्त मंदीप सिंह रंधावा ने बताया कि चूड़ीवालान, सीताराम बाजार निवासी घनश्याम दास गुप्ता ने करोल बाग थाने में ठगी की शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने इंश्योरेंस पॉलिसी में निवेश और मोटा बोनस दिलवाने का वादा कर 2013 से 2017 के बीच 77.20 लाख रुपये से अधिक ठग लिया। आरोपी खुद को आईआरडीए का अधिकारी बताते थे। ठगी के बाद उन्होंने अपना फोन भी बंद कर दिया है। पीड़ित की शिकायत पर एसीपी नरेश कुमार व स्पेशल स्टाफ इंस्पेक्टर ललित कुमार व अन्यों की टीम ने मामले की छानबीन शुरू की। जांच में पता चला कि जिन बैंक खातों में पीड़ित घनश्याम ने रुपये ट्रांसफर किए थे, वह फर्जी आईडी पर खोले गए थे। फोन नंबर भी फर्जी पते पर लिए हुए थे। छानबीन में पुलिस को पता चला कि आरोपी फर्जी कॉल सेंटर भी चलाते हैं। मंगलवार को पुलिस टीम ने वसुंधरा, गाजियाबाद में छापेमारी कर तीनों आरोपियों को दबोचा। पूछताछ में पता चला कि आरोपी कई अन्य लोगों के साथ मिलकर देशभर के लोगों को ठग रहे थे। आरोपी विकास त्यागी ग्रेजुएट है, वह इंश्योरेंस ब्रोकर का काम कर चुका है। राहुल त्यागी पहले बागपत के खेकड़ा गांव में एक डॉक्टर के पास कंपाउंडर का काम करता था। सोनू कुमार ऑटो चालक था। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।