बिजनौर के ध्यानार्थ
लिफ्ट देकर सवारियों के कीमती सामान उड़ाने वाले 4 धरे
नई दिल्ली। आईएसबीटी और रेलवे स्टेशन पर लोगों को लिफ्ट देने के दौरान कीमती सामान उड़ाने वाले गिरोह के चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों की पहचान बिजनौर निवासी और सरगना नसीम (33), मकसूद (36), मो. उमेर (60) और हामिद उर्फ छोटू (35) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि इन लोगों ने अब तक 25 से 30 वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लाखों रुपये के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल एक चोरी की कार बरामद की है। कार को सराय रोहिल्ला इलाके से चोरी किया गया था। अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त डॉ. जी राम गोपाल नायक ने बताया कि उनकी टीम को पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि कुछ बदमाश बस अड्डों व रेलवे स्टेशन से सवारियों को उनके गंतव्यों तक छोड़ने के बहाने उनका कीमती सामान उड़ा लेते थे। वारदात के दौरान आरोपी सवारियों को पहले ऑटो और बाद में ऑटो खराब होने की बात कर कार में बिठाते थे। इसी दौरान आरोपी उनके कीमती सामान उड़ा लेते थे। ब्यूरो