अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग ( एसओएल ) ने चौथे सेमेस्टर के छात्रों को पाठ्य सामग्री लेने के लिए पहले से समय (अपॉइंटमेंट ) लेने को कहा है। इस व्यवस्था के तहत छात्रों को एसओएल की वेबसाइट पर रोल नंबर, बारकोड डालना होगा। जिसके बाद उन्हें सेंटर और समय की जानकारी मिल जाएगी। जहां जाकर वह अपनी पाठ्य सामग्री ले सकते हैं। अपॉइंटमेंट शेड्यूल के अनुसार ही छात्रों को अध्ययन सामग्री वितरित की जाएगी। दूसरे दिन अध्ययन सामग्री जारी नहीं की जाएगी। एसओएल प्रशासन ने बीते साल छात्रों की सुविधा के लिए क्षेत्रीय केंद्रों से अध्ययन सामग्री वितरण की एक नई प्रक्रिया शुरू की थी। इस प्रक्रिया के तहत छात्रों को लिंक पर जाकर मिलने का समय लेना होगा और अध्ययन सामग्री टिकट रिपोर्ट का प्रिंट आउट लेकर सामग्री लेने के लिए संबंधित केंद्रों पर जाना होगा।