सूचना पर दिल्ली मेट्रो ने रुकवाई ट्रेन, काफी देर तक बारीकी से हुई ट्रेन की जांच
नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो ट्रेन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि लेडीज कोच में एक सांप घुस आया। वीडियो में महिलाएं चीखती-चिल्लाती दिख रही हैं, कुछ डर के मारे सीटों पर खड़ी हो गईं। इस मामले में दिल्ली मेट्रो ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम को यात्रियों की शिकायत मिलते ही ट्रेन को अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन पर खाली करवाया गया और उसे डिपो भेजा गया। वहां ट्रेन की बारीकी से जांच की गई, लेकिन कोई सांप नहीं मिला। लेकिन जांच के दौरान एक छोटी छिपकली जरूर नजर आई, जिसने शायद सारा हंगामा खड़ा किया। वहीं दूसरी तरफ वायरल वीडियो में सांप कहीं दिखाई नहीं देता, लेकिन डर और अफरा-तफरी साफ नजर आ रही है। दिल्ली मेट्रो ने साफ किया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा उनके लिए सबसे ऊपर है। जैसे ही यह मामला सामने आया इस पर तुरंत कार्रवाई की गई।