नई दिल्ली। राजधानी में कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है। बृहस्पतिवार को 11 बजे होने वाली बैठक में भाजपा, कांग्रेस समेत दूसरे दलों को आमंत्रित किया गया है। इसमें दिल्ली सरकार कोरोना के बढ़ते मामलों के साथ इससे निपटने के लिए उठाए गए कदमों पर विस्तार से चर्चा करेगी। साथ ही विपक्षी पार्टियों से बेहतर सुझाव भी मांगेगी। दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कोविड-19 के मौजूदा हालात पर चर्चा के लिए मुख्यमंत्री ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है। छठ पूजा से पहले बुलाई गई बैठक बेहद अहम है। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच विपक्ष छठ आयोजन की छूट देने की मांग दिल्ली सरकार से कर रहे हैं, जबकि दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने इस पर पाबंदी लगा रखी है। छठ पर्व पर दिल्ली में सियासत गरम है। ऐसे में अगर मुख्यमंत्री विपक्षी दलों को इस मसले पर सहमत कर लेते हैं तो सियासी घमासान थम सकता है।