नई दिल्ली। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने निजी स्कूलों में फीस वृद्धि और बोर्ड परीक्षार्थियों के रोल नंबर जारी करने में देरी के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 के कोविड काल से शुरू हुआ यह विवाद स्कूल प्रबंधन और कुछ अभिभावकों के बीच का मामला है, जो पिछले लगभग पांच वर्षों से न्यायालय में लंबित है और इसका वर्तमान भाजपा सरकार से कोई लेना-देना नहीं है। सचदेवा ने आरोप लगाया कि गत वर्ष तत्कालीन केजरीवाल–आतिशी सरकार के कार्यकाल में स्कूल ने बोर्ड परीक्षार्थियों के रोल नंबर रोके थे, जिन्हें बाद में हस्तक्षेप के बाद जारी किया गया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता एक स्कूल के मामले को ऐसे प्रस्तुत कर रहे हैं, मानो दिल्ली के सभी निजी स्कूलों में बोर्ड परीक्षार्थियों के रोल नंबर रोके जा रहे हों, जबकि ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की ओर से लाया गया नया शिक्षा कानून सख्त है। अब कोई भी निजी स्कूल केन्द्रीय बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्रों के रोल नंबर रोकने का साहस नहीं कर पाएगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे आश्वस्त रहें, सभी विद्यार्थी परीक्षा देंगे। ब्यूरो