नई दिल्ली। कश्मीरी गेट इलाके से एक ज्वेलर के कर्मचारी का बैग चोरी हो गया। इसमें लाखों की जूलरी और नकदी थी। ज्वेलर की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बिहार स्थित गया निवासी प्रकाश कुमार वर्मा ने कश्मीरी गेट थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका जूलरी बनाने का काम है। वह दिल्ली सहित अन्य जगहों पर जूलरी की बिक्री करता है। 23 जून को उसने कारोबार के सिलसिले में अपने तीन कर्मचारी विनोद, प्रमोद और विनोद प्रसाद को करीब 15 लाख के जेवरात और पांच लाख की नकदी देकर दिल्ली भेजा था। तीनों कर्मचारी वाराणसी से सफर एक्सप्रेस की बस से दिल्ली के मोरीगेट पहुंचे। कर्मचारियों ने फोन पर उन्हें बताया कि बस से जेवरात और नकदी वाला बैग चोरी हो गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।