दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक मंगलवार को 208 दर्ज किया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) का पहला चरण लागू कर दिया है। यह निर्णय वायु गुणवत्ता के खराब श्रेणी में बने रहने के कारण लिया गया है। यह निर्णय ग्रैप की उप-समिति की बैठक में लिया गया। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक मंगलवार को 208 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। उप-समिति ने पाया कि प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण दिल्ली का एक्यूआई लगातार बढ़ रहा है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों तक एक्यूआई खराब श्रेणी में ही रहने की आशंका है। इसी के मद्देनजर पूरे एनसीआर में ग्रैप के पहले चरण के तहत सभी कार्रवाइयां तुरंत प्रभाव से लागू की जाएंगी। ग्रैप के पहले चरण में निर्माण और विध्वंस गतिविधियों पर प्रतिबंध, सड़कों की यांत्रिक सफाई और पानी का छिड़काव जैसे कई कदम शामिल हैं।