नई दिल्ली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने एक बार फिर देश का गौरव बढ़ाया है। उसे डीएचआर-आईसीएमआर स्वास्थ्य अनुसंधान उत्कृष्टता शिखर सम्मेलन 2025 में संस्थागत उत्कृष्टता के लिए सर्वोच्च राष्ट्रीय रैंकिंग (स्वर्ण) से सम्मानित किया गया है। यह शिखर सम्मेलन स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग (डीएचआर) और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से आयोजित किया गया। उद्घाटन केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया सिंह पटेल ने किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने स्वास्थ्य अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वीके पॉल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। एम्स को यह सम्मान अनुसंधान उत्पादन, गुणवत्ता, नवाचार, सार्वजनिक स्वास्थ्य पर प्रभाव और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे कई क्षेत्रों में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए दिया गया। एम्स दिल्ली के निदेशक प्रो. एम श्रीनिवास ने कहा कि यह राष्ट्रीय स्वर्ण रैंकिंग पूरे एम्स परिवार की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। ब्यूरो