जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी
दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय कैंपस में पिछले साल हुई हिंसा के मामले में प्रशासन की ओर से कड़ी कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने कैंपस में मेवात और वेस्टर्न यूपी ग्रुप के छात्रों के बीच मारपीट के मामले में 15 पर कार्रवाई कर दी है। 3 छात्रों को निष्कासित तो अन्य छात्रों को निलंबित कर दिया गया है।
समिति ने की हिंसा में शामिल छात्रों पर कार्रवाई
जामिया के रजिस्ट्रार नाजिम हुसैन अल जाफरी ने जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली जामिया मिलिया इस्लामिया ने 15 छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। इसमें 3 छात्रों को निष्कासित कर दिया है। इन छात्रों के पिछले साल हुई हिंसा में शामिल होने पर कार्रवाई की गई है। विश्वविद्यालय की समिति की ओर से सभी छात्रों को एक उदाहरण देते हुए इस तरह की कार्रवाई की है। किसी भी तरह की अनुशासनहीनता को बर्दाश नहीं किया जाएगा।
जानें क्या है जामिया हिंसा मामला
जानकारी के लिए बता दें कि 2022 के सितंबर महीने में कैंपस के बाहर कुछ छात्र आपस में भिड़ गए थे। इस दौरान हुई फायरिंग में एक छात्र को गोली मार दी थी। जैसे ही इस घटना की जानकारी प्रशासन को हुई तो अगले ही दिन कई छात्रों को निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद विश्वविद्यालय ने एक समिति बनाई थी।