नई दिल्ली। मौर्या एन्क्लेव में जैन स्थानक में हुई चोरी के मामले को पुलिस ने कुछ ही घंटे में सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बुध विहार फेज-1 निवासी सुभाष जैन के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से चोरी का मोबाइल फोन, 2700 रुपये, तीन डेबिट-क्रेडिट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और ब्लड बैंक कार्ड बरामद किया है। उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि 18 नवंबर को पीयू ब्लॉक, पीतमपुरा स्थित जैन स्थानक में चोरी की वारदात की सूचना मिली थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की सेंधमारी निरोधक शाखा को जांच सौंपी गई। टीम ने सीसीटीवी, स्थानीय स्तर पर पूछताछ और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो