आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में रविवार को एक बार फिर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक चुना गया है। वहीं, पंकज गुप्ता को सचिव और एनडी गुप्ता को पार्टी कोषाध्यक्ष का प्रभार सौंपा गया है। यह लगातार तीसरी बार है जब केजरीवाल को इस कार्यभार के लिए चुना गया है। इससे पहले अप्रैल 2016 में केजरीवाल दूसरी बार पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक चुने गए थे। बता दें कि आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय परिषद ने शनिवार को 34 सदस्यीय कार्यकारी निकाय का चुनाव किया था, जिसमें केजरीवाल भी शामिल थे।
केजरीवाल ने बतौर राष्ट्रीय संयोजन, अपने दूसरे कार्यकाल में तीन साल तक पार्टी का काम संभाला लेकिन 2019 में लोकसभा चुनाव और 2020 में दिल्ली विधानसभा चुनाव को देखते हुए उनका कार्यकाल 2020 तक बढ़ा दिया गया।
इसके बाद साल 2020 में ही राष्ट्रीय परिषद की यह बैठक होनी थी, लेकिन कोरोना संक्रमण के कारण संभव नहीं हो पाया। जनवरी 2021 में राष्ट्रीय परिषद की बैठक हुई थी, जिसमें पार्टी के संविधान में संशोधन किया गया था।
इस संशोधन में राष्ट्रीय संयोजक का कार्यकाल 3 वर्ष से बढ़ाकर 5 वर्ष कर दिया गया। इसके साथ ही इसमें राष्ट्रीय संयोजक को दो कार्यकाल तक के लिए नियुक्त करने की बाध्यता को समाप्त कर दिया गया था।