नई दिल्ली। बाल विवाह के खिलाफ बृहस्पतिवार को कुसुमपुर पहाड़ी इलाके में मशाल जुलूस निकाला गया। महिलाओं, बच्चों और बाल विवाह से बचाई गई बेटियों ने हर बेटी के नाम एक दीया जलाकर साल 2030 तक देश को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर भी शामिल हुईं। उन्होंने लोगों को बाल विवाह न करने और न ही इसे बढ़ावा देने की शपथ दिलाई। साथ ही कहीं बाल विवाह की जानकारी मिलने पर अधिकारियों को सूचित करने की अपील की। यह कार्यक्रम जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन संगठन की ओर से आयोजित किया गया। सावित्री ठाकुर ने कहा कि देश में बाल विवाह की दर 2005-06 में 47.4 फीसदी थी, जो 2023-24 में घटकर 20.1 फीसदी रह गई है। हर बेटी को सुरक्षित बचपन और पढ़ाई का अवसर मिलना चाहिए।
—-
सचिन कुमार