शिरोमणि अकाली दल दिल्ली ने महाबल मिश्रा को दिया समर्थन
शिरोमणि अकाली दल दिल्ली ने कांग्रेस को समर्थन देने की घोषणा करने के बाद मंगलवार को पश्चिम दिल्ली से प्रत्याशी महाबल मिश्रा के लिए जनता के बीच जाने का निर्णय लिया। इस दौरान दल के अध्यक्ष परम जीत सिंह सरना ने महाबल मिश्रा के विधायक और बतौर सांसद कार्यकाल को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि मिश्रा पुराने व अनुभवी नेता है। जनता के लिए लंबे समय से राजनीति में रहते हुए विकास कार्य कराने वाले को आगे लाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि आरएसएस और भाजपा सिख धर्म के लिए सबसे बड़ा खतरा है। इस दौरान पार्टी कार्यालय में मौजूद प्रत्याशी महाबल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली के शिरोमणि अकाली दल के विश्वास को वे बरकरार रखेंगे। उन्होंने ये भी कहा कि भाजपा और आप पार्टी को जनता समझ चुकी है दोनों आपस में मिली हुई है। दिल्ली में विकास पूरी तरह ठप पड़ा है और केन्द्र में मोदी सरकार की जन विरोधी नीतियों के कारण युवाओं के सामने रोजी रोटी का संकट है।