प्लास्टिक दाना फैक्टरी में भीषण आग
नई दिल्ली। बवाना औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार दोपहर प्लास्टिक दाना बनाने की फैक्टरी में भीषण आग लग गई। इसकी सूचना पर पुलिस के अलावा दमकल की 22 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग लगते ही फैक्टरी में मौजूद सभी कर्मचारी सुरक्षित बाहर आ गए। दमकल ने कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। देर शाम तक कूलिंग का काम जारी था। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नही है। शुरुआती जांच के बाद हादसे का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, दोपहर 2:40 बजे सूचना मिली कि बवाना औद्योगिक क्षेत्र में जे-49 स्थित प्लास्टिक दाना बनाने की फैक्टरी में भीषण आग लगी है। दमकल की 22 गाड़ियों ने करीब पौने तीन घंटे मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। फैक्टरी से धुआं निकलना शुरू हुआ तभी वहां काम कर रहे मजदूर बाहर आ गए थे। आग की विकरालता देखकर आसपास की फैक्टरियों को भी खाली करा लिया गया था।