नई दिल्ली। एमसीडी ने वर्षों से दैनिक वेतन पर सेवाएं दे रहे 296 सफाई कर्मचारियों को नियमित कर दिया है। महापौर प्रवेश वाही ने नियमित हुए सभी कर्मचारियों को बधाई दी है। महापौर ने बताया कि जोनल स्क्रीनिंग कमेटियों की संस्तुतियों और संबंधित अधिकारियों की अनुशंसा के आधार पर इन कर्मचारियों के नियमितीकरण का निर्णय लिया गया है। इनमें एक अप्रैल 1998 से 31 मार्च 2000 के बीच सामान्य रूप से काम करने वाले 160 दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों को एक अप्रैल 2006 से नियमितीकरण का लाभ दिया गया है। वहीं एक अप्रैल 2000 से 31 मार्च 2002 के बीच कार्यरत 136 कर्मचारियों को एक अप्रैल 2008 से नियमित किया गया है। पर्यावरण प्रबंधन सेवाएं समिति के अध्यक्ष संदीप कपूर ने कहा कि निगम सफाई कर्मचारियों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। ब्यूरो