सुविधा कैंप में 115 शिकायतों का निवारण
नई दिल्ली। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद(एनडीएमसी) की ओर से अपने क्षेत्र के नागरिकों की जन शिकायतों के निवारण और बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए दूसरे सुविधा कैंप का आयोजन पालिका केंद्र मुख्यालय में किया गया। कैंप में अलग-अलग विभागों के अधिकारियों को 125 शिकायतें मिली, जिनमें से 115 शिकायतों का निवारण कैंप में ही कर दिया गया। इनमें मुख्य तौर पर प्रवर्तन, जन स्वास्थ्य, नगर, लेखा/वित्त, कार्मिक तथा कर विभाग से संबंधित शिकायतें थी। कैंप में पालिका परिषद के सभी विभागाध्यक्षों के साथ 26 विभागों के 100 से अधिक अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। जिन 10 शिकायतों का निवारण नहीं हो सका, उनके हल के लिए समय सीमा दे दी गई है। कैंप में आवासीय कल्याण समितियों और मार्केेट ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। आगामी सुविधा कैंप का आयोजन 12 जनवरी को होगा। ब्यूरो