पुलिस ने गोली चलाने और घायल होने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के अलावा लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है। क्राइम टीम के अलावा एफएसएल को भी जांच के लिए मौके पर बुला लिया गया था।
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से गांव रायपुर कलां, जौनपुर यूपी का रहने वाला सुरेश कुमार वर्मा गली नंबर-2, टूंडा नगर, जौहरीपुर, करावल नगर में रहता है। वह छोटा-मोटा काम करता है। 13 अप्रैल की रात को वह काम से आने के बाद छत पर सोने के लिए चला गया। वह चारपाई पर लेटा हुआ था। इस बीच उसका मकान मालिक भी वहां आ गया।
सुरेश लेटे-लेटे उससे बात करने लगा। अचानक कहीं से गोली चलने की आवाज आई। गोली सुरेश के सिर को छूती हुई उसके हाथ पर जा लगी। हाथ से खून बहने लगा। गोली की आवाज सुनकर पड़ोसी भी इकट्ठा हो गए। बाद में सुरेश को अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।