मंडावली इलाके में नशे के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक ने पेट्रोल डालकर घर में आग लगा दी। आग में युवक और उसके पिता झुलस गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस युवक के चाचा की शिकायत पर मामला दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
घायल युवक और उसके पिता की पहचान राहुल और मोहन के रूप में हुई है। राहुल के चाचा तुलसीदास ने बताया कि वह साउथ गणेश नगर इलाके में किराये के मकान में रहते हैं और रिक्शा चलाते हैं। उनके भाई मोहन इंद्रापुरम में रहते हैं और वहां चाय की दुकान चलाते हैं। उनका बेटा राहुल दिल्ली में तुलसीदास के साथ रहता है। वह नशे का आदी है।
उन्होंने बताया कि राहुल के ज्यादा नशा करने की वजह से उन्होंने अपने भाई को आने के लिए कहा था। 2 नवंबर को उसके भाई मोहन राहुल को समझने के लिए आए थे। वह उसे अपने मकान की पहली मंजिल पर समझा रहे थे। इसी दौरान राहुल आवेश में आ गया और कमरे में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग में कमरे में रखा सारा सामान जल गया और इसके चपेट में आकर राहुल और उसके पिता झुलस गए। लोगों की मदद से आग बुझाने के बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची। दोनों बयान देने के स्थिति में नहीं थे। पुलिस ने राहुल के चाचा का बयान दर्ज किया। जिसमें चाचा ने राहुल पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया। पुलिस ने आग लगाकर जान सांसत में डालने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।