फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi: सील हुए हुक्का बार में चल रही थी जन्मदिन पार्टी, कुणाल के सिर में मारी गोली; पढ़ें पूरा मामला

Sat, 06 May 2023 10:38 PM IST
अनुज कुमार अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

गोविंदपुरी एक्सटेंशन में एक हुक्का बार में गोली मारकर नाबालिग की हत्या कर दी गई। तो वहीं एक अन्य लड़के की जांघ में मारा चाकू था। दो गुटों के बीच कहासुनी हो गई थी। 
विज्ञापन
घटना स्थल पर लोगों का हंगामा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी एक्सटेंशन में शनिवार दोपहर हुक्का बार के भीतर चल रही बर्थडे पार्टी में एक नाबालिग के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। 17 साल के मृतक की शिनाख्त कुणाल के रूप में हुई। हमले के दौरान आरोपियों ने राहुल नाम के एक लड़के की जांघ में चाकू मार दिया था। जख्मी हालत में उसे एम्स ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कुणाल का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। दरअसल, शनिवार को कुणाल के एक दोस्त का जन्मदिन था। 15-20 लड़के जन्मदिन का जश्न मनाने के लिए हुक्का बार में इकट्ठा हुए थे। इस बीच वहां मौजूद लड़कों के दूसरे गुट से इनका झगड़ा हो गया।

विज्ञापन

वारदात के बाद से सभी आरोपी फरार
इस दौरान एक लड़के ने पिस्टल निकालकर कुणाल के सिर में गोली मार दी। वहीं दूसरे ने राहुल पर हमला कर दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। जिला पुलिस उपायुक्त राजेश देव ने बताया कि हत्या व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर एक आरोपी की पहचान कर ली गई है, वह नाबालिग है। बाकी लड़कों की तलाश की जा रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के अलावा कुणाल के दोस्तों से पूछताछ कर रही है। उधर घटना की जानकारी जैसे ही स्थानीय लोगों को मिली, तो घटना स्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने उनको समझाकर शांत करवाया। फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

घायल कुणाल को एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती किया गया
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 3.15 बजे कालकाजी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि 1802/9, गोविंदपुरी एक्सटेंशन में हुक्का बार की पहली मंजिल पर एक लड़के को गोली मार दी गई है। सूचना के बाद तुरंत पुलिस वहां पहुंची। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही वहां पर लोगों की भारी भीड़ जुट चुकी थी। पुलिस ने हंगामे के बीच कुणाल और राहुल को एम्स ट्राॅमा सेंटर भेजा गया, जहां कुणाल को मृत घोषित कर दिया गया। अस्पताल में राहुल का इलाज जारी है। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि कुणाल के दोस्त विक्की का शनिवार को जन्मदिन था। उसके लिए उसने हुक्का बार में पार्टी का आयोजन किया था।

हुक्का बार में थी जन्मदिन की पार्टी
सभी लड़के पार्टी के दौरान जश्न मना रहे थे। इस बीच कुछ विवाद होने के बाद वहां मौजूद लड़कों ने कुणाल के सिर से सटाकर गोली चला दी। वहीं राहुल को चाकू मार दिया। पुलिस कुणाल के दोस्तों से पूछताछ कर छानबीन कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है। कुणाल अपने परिवार के साथ गोविंदपुरी विस्तार में रहता था। परिवार में पिता राजीव जोशी, मां, बहन लक्ष्मी व अन्य सदस्य हैं। कुणाल फिलहाल ज्योतिष विद्या का काम करता था। परिवार ने जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने की मांग की है।
विज्ञापन

अवैध हुक्का बार को एक अप्रैल को किया गया था सील
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में रोष था। उनका कहना था कि पुलिस ने जब एक अप्रैल को हुक्का बार को बंद करवा दिया था, तो फिर कैसे हुक्का बार चल रहा था। स्थानीय लोगों ने पुलिस पर मिलीभगत से हुक्का बार चलवाने का आरोप लगाया। लोग पुलिस से खासे नाराज दिखे। वहीं मामले पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बंद करवाने के बाद भी हुक्का बार कैसे चल रहा था, इसकी पड़ताल की जा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें