अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के नजफगढ़ इलाके के एक निजी स्कूल के स्विमिंग पूल में तैराकी के दौरान 26 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान दिल्ली के झरोदा गांव निवासी राहुल रॉय के रूप में हुई है। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि राहुल बुधवार शाम अपने तीन दोस्तों सूरज सिंह, तरुण कुमार और भविष्य के साथ स्विमिंग पूल में तैराकी करने गया था। पुलिस उपायुक्त ने कहा कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्विमिंग पूल में जरूरी सुरक्षा इंतजाम थे या नहीं। राहुल एक निजी कंपनी में कर्मचारी था। पुलिस ने बताया कि राहुल के दोस्तों और घटनास्थल पर मौजूद अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। बीएनएस की धारा 106(1) (लापरवाही से मौत) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।