फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi: आदर्श नगर थाने में पुलिस हिरासत में युवक की मौत, परिजनों ने पुलिस पर पीट-पीटकर हत्या करने का लगाया आरोप

Tue, 28 Nov 2023 02:21 AM IST
विजय पुंडीर अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

युवक की मौत से आहत परिजन और परिचितों ने सोमवार को आदर्श नगर थाने पर प्रदर्शन किया। मामले की न्यायिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं। युवक के शव का डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
विज्ञापन
मृतक का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आदर्श नगर में पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। परिवार वालों ने पुलिसकर्मियों पर उसकी पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। युवक की मौत से आहत परिजन और परिचितों ने सोमवार को आदर्श नगर थाने पर प्रदर्शन किया। मामले की न्यायिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं। युवक के शव का डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। मृतक की शिनाख्त सूरज प्रकाश (32) के रूप में हुई है।

विज्ञापन


वह अपने माता-पिता, दो भाई दीप प्रकाश और देव प्रकाश के साथ मजलिस पार्क की गली नंबर तीन में रहते थे। वह इंजीनियरिंग में डिप्लोमा करने के बाद अपने दोस्त के साथ आजादपुर में पनीर का काम कर रहे थे। उनके दोस्त साकेत ने बताया कि ढ़ाई बजे रात पनीर की गाड़ी आजादपुर में आई थी। इसे खाली करवाने के बाद दोनों स्कूटी से घर जा रहे थे। उन लोगों ने आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के पास दो गाड़ी वालों को लड़ते हुए देखा। सूरज वहां रुके और झगड़ा शांत करने की कोशिश करने लगे। आरोप है कि वहां कुछ पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। पुलिसकर्मियों ने सूरज को वहां से जाने के लिए कहा। उन्होंने झगड़ा शांत करने की बात कही तो एक पुलिसकर्मी ने उन्हें धक्का दे दिया और फिर पीछे से डंडा मार दिया।

विज्ञापन

उसके बाद वह पुलिसकर्मी पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। गुस्साए पुलिसकर्मियों ने उनकी पिटाई कर दी। उसके बाद उन्हें बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया। उनके भाई दीप ने बताया कि डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताया। उनके हाथ टूट जाने की बात कहकर बड़े अस्पताल ले जाने के लिए कहा, लेकिन पुलिसकर्मी उन्हें थाने ले गए। यहां उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें फिर से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

झगड़े के दौरान पकड़कर लाया गया था थाने-पुलिस
उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त जितेंद्र कुमार मीना ने बताया कि रविवार रात आदर्श नगर थाने की गश्त करते पुलिसकर्मियों को देर रात करीब दो से तीन बजे के बीच आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के पास कुछ लोग झगड़ा करते दिखे। उन्होंने बीच बचाव का प्रयास किया। न मानने पर आदर्श नगर थाने की ईआरवी को बुलाया। इसके बाद पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ा। उन्हें तड़के चार बजे मेडिकल के लिए बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया। सूरज प्रकाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उसे कार्रवाई के लिए थाने लाया गया। जहां उनकी तबीयत बिगड़ गई। उसे फिर से अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की न्यायिक जांच की जा रही है।

परिजनों का आरोप, असलियत छुपा रही पुलिस
सूरज प्रकाश के परिवार वालों ने पुलिस अधिकारियों पर असलियत छुपाने का आरोप लगाया है। परिवार वालों ने थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उन्हें पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं है। सूरज के भाई दीप का कहना है कि घटना को अंजाम देने वाले सभी पुलिसकर्मी नशे में धुत थे। उनलोगों ने दोषी पुलिसकर्मियों का मेडिकल करवाने की मांग की, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। सभी कागजी कार्रवाई में लगे रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें