संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
आदर्श नगर थाना क्षेत्र के आजादपुर चौक के पास दुर्गा विसर्जन के दौरान साउंड सिस्टम लगी गाड़ी से गिरने के कारण एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रोहित (20) के रूप में हुई है। गिरने के दौरान युवक का सिर स्पीड ब्रेकर से टकरा गया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस के मुताबिक, रोहित परिवार के साथ दुर्गा विसर्जन के लिए घर से निकला था। हादसे के बाद परिजनों ने कई सिविक एजेंसियों पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पुलिस से मामले में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।