पश्चिमी जिला साइबर सेल ने एक किशोरी की अश्लील फोटो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले युवक को कपूरथला से गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान जतिन के रूप में हुई है। इंस्टाग्राम पर लड़कियों से दोस्ती कर उन्हें ब्लैकमेल करता था। आरोपी संयुक्त अरब अमीरात के एक होटल में तीन साल तक वेटर का काम कर चुका है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने तीन मोबाइल बरामद किया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पश्चिमी दिल्ली में रहने वाली एक किशोरी ने छह फरवरी को साइबर सेल में शिकायत की, जिसमें उसने बताया कि एक आरोपी इंस्टाग्राम की नौ अलग-अलग प्रोफाइल से उसकी अश्लील फोटो बनाकर उसे भेज रहा है। आरोपी उससे आपत्तिजनक फोटो भेजने का दबाव बना रहा है। ऐसा नहीं करने पर वह उसकी फोटो को स्कूल के ग्रुप में भेजने की धमकी दे रहा है।
जांच में पता चला कि आरोपी की धमकी से किशोरी डर गई और उसने अपनी कुछ फोटो उसे भेज दी, उसके बाद आरोपी उसे ब्लैकमेल करने लगा। आरोपी उसे पहाड़गंज के एक होटल में मिलने के लिए बुलाया। किशोरी ने इसकी शिकायत पुलिस में कर दी, साथ ही परिजनों और शिक्षकों को भी जानकारी दी। साइबर निरीक्षक रविंद्र अहलावत के नेतृत्व में पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। तकनीकी छानबीन करने पर आरोपी का लोकेशन कपूरथला में मिला, जहां पुलिस ने दबिश देकर उसे दबोच लिया।