डाबड़ी इलाके में सिगरेट के लिए पैसे नहीं देने पर एक परिचित ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर युवक की पिटाई कर दी और उसे चाकू मारकर घायल कर दिया। घायल युवक की पहचान शिवम (20) के रूप में हुई है। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।
शिवम परिवार के साथ बिंदापुर के जेजे काॅलोनी में रहता है। वह इलाके में प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में काम करता है। पुलिस को दी शिकायत में शिवम ने बताया कि 15 अगस्त की शाम सात बजे वह अपने दोस्त प्रवीण के पास गया था। उसने प्रवीण के पेटीएम से अपने फूफा को पैसे भिजवाए। उसके बाद वह जनक अपार्टमेंट के पास आकर एक स्कूटी पर बैठ गया।
इसी दौरान उसके पास इलाके में रहने वाला दीपू नाम का परिचित अपने दोस्तों के साथ आया। बातचीत के दौरान ही दीपू ने उससे सिगरेट के लिए पैसे मांगे। पैसे नहीं होने की बात कहने पर उनकी कहासुनी हो गई। दीपू का एक दोस्त चाकू निकाल कर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुलिस अधिकारी का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला कि आपसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है।
नाले से मिला लापता बच्चे का शव
वजीरपुर इलाके में रविवार सुबह से लापता नौ साल के बच्चे का शव रात में नाले से बरामद हुआ है। बच्चे के परिजनों ने उसके गायब होने के बाद अशोक विहार थाने में गुमशुदगी की शिकायत की थी। नाले में गिरने की आशंका को देखकर पुलिस ने वहां तलाश की। जहां से बच्चे के शव बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया मृत बच्चे की पहचान प्रिंस के रूप में हुई है। वह अपने पिता सुरेश और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ उधम सिंह पार्क स्थित झुग्गी में रहता था।
स्थानीय निगम पार्षद ने बताया कि बच्चा रविवार सुबह घर से निकला था। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार वालों को चिंता हुई। उसके बाद परिजन बच्चे की तलाश करने में जुट गए। परिवार वालों के काफी तलाश के बाद बच्चा का कोई अता पता नहीं चला। उसके बाद देर शाम को परिवार वालों ने अशोक विहार थाने में बच्चे के गुमशुदगी की शिकायत की। पुलिस ने अगवा का मामला दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने बच्चे के घर के आस पास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला। जिसके जरिए पुलिस को पता चला कि बच्चा नाले की तरफ शौच के लिए गया था। उसके बाद पुलिस ने खुले हुए नाले के पास जाकर जांच पड़ताल की। जहां पुलिस को नाले में कपड़ा दिखा।