संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन।
जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घरोट में योग विज्ञान एवं चिकित्सा शिविर आयोजित हुआ। इसमें आसपास के करीब 15 गांवों के 600 विद्यार्थियों ने भाग लिया। योगाचार्य गुरमेश सिंह ने विद्यार्थियों को योग और प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व की जानकारी दी। शिविर में विद्यार्थियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया। साथ ही मिट्टी, पानी, धूप और हवा के माध्यम से प्राकृतिक चिकित्सा के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों को अंकुरित आहार के फायदे बताते हुए चना, मूंग, मोठ, सोयाबीन और मूंगफली के सेवन की जानकारी दी गई। शिविर के अंत में विद्यार्थियों को नशामुक्ति और नशामुक्त हरियाणा का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबल प्रताप सिंह ने की और संयोजन नरेंद्र सिंह सौरोत ने किया।