बवाना के गांवों में सड़क, नाले और कनेक्टिविटी पर तेजी से काम शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली ग्राम विकास बोर्ड के फंड और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के सहयोग से बवाना विधानसभा क्षेत्र के 30 साल से रुके प्रोजेक्ट अब पूरे हो रहे हैं। इनमें सड़के, नालों का निर्माण और गांवों के बीच कनेक्टिविटी सुधारने का काम चल रहा है। यह बात बवाना से विधायक और कैबिनेट मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कही। उन्होंने बताया कि जटखोड़ से पंजाब खोड़, माजरा से जटखोड़ और बाजीतपुर से माजरा तक नई काली सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा पंजाब खोड़ और बाजीतपुर में फिरनी रोड और आरसीसी नालों का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। हरवेली गांव में फिरनी रोड का विकास खास तौर पर अहम है। ये प्रोजेक्ट करीब 30 साल से लंबित था और अब इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि इन कामों से गांवों के बीच आवागमन आसान होगा और लोगों को रोजमर्रा की परेशानियों से राहत मिलेगी।