राष्ट्रीय राजधानी में महिलाएं भी ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन में ज्यादा पीछे नहीं हैं। पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष यानि 2024 के एक जनवरी से लेकर 30 जून तक ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वाली महिलाओं की संख्या 6.79 फीसदी बढ़ी है। चार पहिया वाहन चलाने वाली महिलाओं ने ट्रैफिक नियमों का ज्यादा उल्लंघन किया है। इनकी संख्या इस वर्ष 5.28 फीसदी बढ़ी है।
प्रदूषण-30 फीसदी की वृद्धि
दिल्ली यातायात पुलिस ने 2024 के शुरूआती चार महीनों में प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र उल्लंघन(वाहनों का प्रदूषण जांच नहीं कराने वाले) के कुल 101164 मामले दर्ज किए गए। यह पिछले साल दर्ज मामलों की तुलना में 30 प्रतिशत अधिक है। एक जनवरी से 30 अप्रैल 23 के बीच इसी अवधि के दौरान 78,169 चालान हुए थे। सबसे ज्यादा चालान मॉडल टाउन, करोल बाग, नजफगढ़, द्वारका, पंजाबी बाग और तिलक नगर आदि इलाकों में किए गए।
माइनर राइडिंग- 573 फीसदी की वृद्धि
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आंकड़ा जारी कर बताया है कि पिछले साल यानी 2023 के मुकाबले इस साल ऐसे मामलों में 573 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल 1 जनवरी से 15 मई तक माइनर ड्राइविंग के 15 चालान हुए ,यानि 15 नाबालिग ड्राइविंग करते हुए पकड़े गए। इधर, साल 1 जनवरी 2024 से लेकर 5 मई तक माइनर ड्राइविंग के 101 चालान हुए हैं।
ट्रिपल राइडिंग - 66 फीसदी बढ़े
दिल्ली पुलिस के डाटा के अनुसार, एक जनवरी से लेकर 15 मई तक ट्रिपल राइडिंग के मामलों में 66 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों से पता चला है कि इस साल 1 जनवरी से 15 मई 2024 तक दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 16745 ऐसे उल्लंघनकर्ताओं के चालान किए हैं, जबकि 2023 में यह संख्या 10105 थी।
गलत दिशा में वाहन संचालन-67 फीसदी की वृद्धि
दिल्ली की सड़कों पर गलत दिशा में वाहन चलाने वालों की संख्या इस वर्ष के शुरुआती चार महीने में 67 प्रतिशत है। गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के सबसे ज्यादा चालान नजफगढ़ में काटे गए हैं। इस साल एक जनवरी से 30 अप्रैल, 2024 तक, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने गलत दिशा में वाहन चलाने वाले 30062 लोगों के चालान किए हैं। जबकि वर्ष 2023 में एक जनवरी से लेकर 30 अप्रैल तक ये आंकड़ा 18047 था।
दोष पूर्ण नंबर प्लेट-268 फीसदी बढ़े
दोष पूर्ण (डिफेक्टिव नंबर प्लेट) नंबर के साथ चलने वालों की संख्या में पिछले साल की तुलना में 268 फीसदी की वृद्धि हुई है। ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी किए गए वर्ष 2024 के आंकड़ों से पता चलता है कि पुलिस ने दोषपूर्ण नंबर प्लेट के लिए 16859 मालिकों के चालान किए गए हैं, जबकि 2023 में 4363 वाहन चालकों के चालान किए गए थे। इनमें पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 286 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है।
चालान-30 फीसदी की वृद्धि
ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के कारण ट्रैफिक पुलिस द्वारा इस साल किए गए चालानों की संख्या में भी करीब 30 फीसदी का इजाफा हुआ है। पिछले साल एक जनवरी से 30 अप्रैल के बीच इसी अवधि के दौरान 78169 चालान हुए थे।
स्टॉप लाइन वायलेशन- 32 फीसदी बढ़े
दिल्ली में स्टॉप लाइन का उल्लंघन करने वालों की संख्या भी बढ़ी है। स्टॉप लाइन वॉयलेशन की करने वाली की संख्या में करीब ३२ फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई। इस वर्ष 2024 के आंकड़े बताते हैं कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्टॉप लाइन उल्लंघन के लिए 237,976 उल्लंघनकर्ताओं का चालान किया है। पिछले वर्ष 2023 में स्टॉप लाइन का उल्लंघन करने वाले 180,538 लोगों के चालान हुए थे। यह पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में स्टॉप लाइन उल्लंघन के लिए अभियोजन की संख्या में करीब 32 फीसदी की वृद्धि हुई है।
ड्रंकन ड्राइविंग- 27 फीसदी बढ़े
शराब पीकर वाहन चलाने वालों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई। 30 जून तक दिल्ली में 12,468 वाहन चालकों के चालान काटे गए, जो पिछले साल की तुलना में 27 फीसदी ज्यादा रिकॉर्ड किए गए। सबसे ज्यादा राजौरी गार्डन इलाके में हुए चालान किए गए। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के जारी आंकड़ों की माने तो साल 2024 में 1 जनवरी से 30 जून तक नशे में गाड़ी चलाने के 12,468 चालान काटे गए. जबकि ये आंकड़ा पिछले साल इस अवधि के दौरान 9,837 रिकॉर्ड किया गया था। इस तरह इस साल पिछले साल के मुकाबले 27 फीसदी ज्यादा चालान काटे गए।