कैंप थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सत्यनारायण के अनुसार एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि वर्ष 2019 में उसकी शादी होडल निवासी युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद उसे पता चला कि उसका पति शराब पीने का आदि है। शराब पीकर उसका पति उसके साथ मारपीट करता था और उसे जबरन अप्राकृतिक यौन संबंध बनाता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती। उसने ससुरालजनों को आपबीती बताई तो उन्होंने भी पति का साथ दिया और उसके साथ मारपीट की।
ससुरालजनों ने उस पर नजर रखने के लिए कमरे में चारों तरफ सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए। उसने कैमरे हटवाने के बारे में ससुरालजनों से कहा तो उन्होंने उसके साथ मारपीट की। उसके बाद वर्ष 2021 में उसे एक बेटा पैदा हुआ। पीड़िता के अनुसार बीती 26 जून को उसका पति शराब पीकर आया और उसके साथ मारपीट की। उसने इसकी सूचना के 112 नंबर पर पुलिस को दी। पड़ोसियों ने फोन कर उसके भाई को ससुराल बुला लिया। उसके बाद उसका भाई उसे अपने साथ लेकर मायके चला गया और उसने अपना इलाज जिला नागरिक अस्पताल में कराया। इसी दिन शाम को उसका भाई उसे समझा-बुझाकर उसकी ससुराल छोड़ आया।
इसके बाद 27 जून को उसके पति ने उसके साथ फिर मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उसे जहरीला पदार्थ पिला दिया। पति ने उसके गले में रस्सी डालकर गला घोंट दिया। उसने मुश्किल से अपनी जान बचाई और घर से भागकर अपने मायके में फोन किया। इसके बाद उसके परिजन मायके ले आए और नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर उसके पति, सास. ससुर और देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।