उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में शनिवार को विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका की शिनाख्त हापुड़, यूपी निवासी संगीता (27) के रूप में हुई है। संगीता के पति ने शनिवार को कॉल कर उसके भाई को उसकी आत्महत्या करने की सूचना दी। संगीता के बच्चों ने अपने पिता, चाचा और दादा पर मां की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने छानबीन के बाद फिलहाल संगीता के पति, देवर, सास और ससुर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। क्राइम टीम के अलावा एफएसएल की टीम मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद संगीता का शव परिवार के हवाले कर दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस को मृतका के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।