अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली में हवा की गति बदलने के चलते फिजा मध्यम श्रेणी में बरकरार है। ऐसे में शुक्रवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 151 दर्ज किया गया। यह हवा की मध्यम श्रेणी है। इसमें बृहस्पतिवार की तुलना में 50 सूचकांक की वृद्धि दर्ज की गई। दूसरी ओर, एनसीआर में ग्रेटर नोएडा की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही। यहां एक्यूआई 242 दर्ज किया गया, यह हवा की खराब श्रेणी है। वहीं, गाजियाबाद में 175, गुरुग्राम में 172 और नोएडा में 150 एक्यूआई दर्ज किया गया। इसके अलावा, फरीदाबाद की हवा सबसे साफ रही। यहां सूचकांक 143 दर्ज किया गया। यह हवा की मध्यम श्रेणी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, हवा उत्तर दिशा से 15 किलोमीटर प्रतिघंटे के गति से चली। वहीं, अनुमानित अधिकतम मिश्रण गहराई 2500 मीटर रही। इसके अलावा, वेंटिलेशन इंडेक्स 3000 मीटर प्रति वर्ग सेकंड रहा। दूसरी ओर, शाम सात बजे हवा में पीएम10 की मात्रा 75.2 और पीएम2.5 की मात्रा 59.4 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज की गई। ऐसे में सीपीसीबी का पूर्वानुमान है कि सोमवार तक हवा इसी श्रेणी में ही बरकरार रहेगी।