संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज पल्ला की व्यवस्थाओं को लेकर नूंह विधायक चौधरी आफताब अहमद ने हरियाणा वक्फ बोर्ड के प्रशासक चौधरी जाकिर हुसैन पर सवाल उठाए हैं। आफताब अहमद ने आरोप लगाया कि जाकिर हुसैन के प्रशासक बनने के बाद कॉलेज की स्थिति खराब हुई है। कॉलेज में शिक्षकों और कर्मचारियों को करीब पांच माह से वेतन नहीं मिलने, स्टाफ की कमी तथा हॉस्टल व अन्य सुविधाओं की स्थिति पर भी उन्होंने चिंता जताई। इन समस्याओं को लेकर हाल में कॉलेज स्टाफ ने प्रदर्शन भी किया था।आफताब अहमद ने कहा कि इस संबंध में उनकी गृह सचिव से बातचीत हुई है और जल्द मुख्यमंत्री से भी मुलाकात कर कॉलेज की स्थिति सुधारने की मांग रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि कॉलेज को बंद नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने वाईएमडी कॉलेज नूंह की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाते हुए शिक्षकों के रिक्त पद भरने की मांग की। वहीं, जाकिर हुसैन ने कॉलेज बंद करने के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए वेतन जल्द जारी करने का आश्वासन दिया है।