पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को पार्टी कार्यालय से जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। इसके तहत आप कार्यकर्ता 29 अक्तूबर तक दिल्ली की जनता के नाम लिखे गए उनके पत्र लेकर घर-घर जाएंगे। इसमें केजरीवाल को जेल भेजने के पीछे की वजह लोगों को बताई जाएगी।
केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने दिल्ली में मुफ्त व 24 घंटे बिजली, पानी, इलाज, महिलाओं की बस यात्रा, बुजुर्गों की तीर्थयात्रा समेत अन्य सुविधाएं दी हैं। भाजपा अपने शासित राज्यों में दिल्ली जैसी सुविधाएं नहीं दे पा रही है। इससे उन्हें जेल में डाला, ताकि ये सुविधाएं बंद कर अपने शासित राज्यों में उठ रही जनता की मांग को दबाया जा सके। अगर ये लोग सत्ता में आ गए तो सारी सुविधाएं बंद कर देंगे।
कई लोगों से मिलने के बाद उन्होंने लोगों के सभी प्रश्नों के जवाब एक पत्र के रूप में बनाए हैं। आप कार्यकर्ता इस पत्र को लेकर घर-घर जाएंगे और जनता को सौंपेंगे, ताकि उनके मन में जो सवाल हैं, उनके जवाब मिल सकें। केजरीवाल के मुताबिक, उनके काम से इतना डर है कि भाजपा ने जेल में हर तरह की कोशिश की कि मैं सही सलामत बाहर न आ सकूं। जेल में मेरी दवाइयां बंद कर दीं।
इससे मेरी किडनी खराब हो सकती थी और मौत भी हो सकती थी। भाजपा की साजिश के बाद भी भगवान की कृपा, जनता के आशीर्वाद, संविधान की ताकत और सुप्रीम कोर्ट के न्याय की वजह से जेल से बाहर आ गया। जब जेल में था तो दिल्ली के कई काम रोक दिए। इस मौके पर वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया, मुख्यमंत्री आतिशी, दिल्ली प्रदेश संयोजक व मंत्री गोपाल राय, मंत्री सौरभ भारद्वाज, कैलाश गहलोत समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
दिल्ली की चाबी जनता के हाथ : केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को मनीष सिसोदिया के साथ खिचड़ीपुर में पहली पदयात्रा की। इस दौरान समर्थकों की भीड़ उमड़ी। लोगों के केजरीवाल और सिसोदिया का फूल मालाओं से स्वागत किया। सिसोदिया ने जनता के साथ ‘भ्रष्टाचार का एक ही काल, केजरीवाल और झाड़ू निशान’ के जमकर नारे लगाए। इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की चाबी जनता के हाथ में है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि आप दिल्ली में मिल रही बिजली, पानी, स्कूल, अस्पताल, महिलाओं की बस यात्रा और बुजुर्गों की तीर्थयात्रा समेत सारी सुविधाएं जारी रखने के लिए आप को जिताएं।
सरकारी स्कूलों और अस्पतालों को बर्बाद कर देगी भाजपा: केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा दिल्ली के सरकारी स्कूलों और अस्पतालों को बर्बाद कर देगी। इनके राज्यों में कहीं भी सरकारी स्कूल या अस्पताल ठीक नहीं हैं। इस वजह से ये दिल्ली के स्कूलों और अस्पतालों को बर्बाद करेंगे, ताकि वहां की जनता आवाज न उठाए। मोहल्ला क्लीनिक बंद कर दिए जाएंगे। फ्री दवाएं, इलाज व टेस्ट बंद कर दिए जाएंगे। फ्री पानी तक बंद कर दिया जाएगा।