मामले में अगली सुनवाई 15 जुलाई को होगी
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। राउज एवेन्यू कोर्ट में पूर्व विधायक नरेश बाल्यान से जुड़े मकोका मामले में शनिवार को सुनवाई हुई। इस दौरान बाल्यान के वकील ने हिरासत के दौरान अपने परिवार के सदस्यों के साथ टेलीफोन पर बातचीत व वीडियो कॉलिंग की अनुमति मांगी है। इस पर विशेष न्यायाधीश दिग्विनय सिंह की अदालत ने तिहाड़ के सभी संबंधित जेल अधीक्षकों से रिपोर्ट मांगी है, जिस जेल में सातों आरोपी बंद हैं। न्यायाधीश ने कहा कि रिपोर्ट में बताना होगा कि किस आरोपी ने अपने परिवार के साथ टेलीफोन पर बातचीत के लिए आवेदन किया है। अदालत ने एक सप्ताह के अंदर जेल अधीक्षकों से जांच रिपोर्ट मांगी है। अगली सुनवाई 15 जुलाई को होगी।