देश की राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर में एक बार फिर बुधवार को मौसम ने करवट ली है। साथ ही चिपचिपाती उमस से राहत मिली। नोएडा और इसके आसपास के इलाकों में हवाएं चल रही है। कई इलाकों में बूंदाबांदी हो रही है।
दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिन भर धूप और बादलों की लुकाछिपी का खेल चलता रहा। इसके साथ ही तेज ठंडी हवाओं ने उमस से भी राहत दिलाई।
कुछ इलाकों में दोपहर व शाम के समय हल्की बारिश भी हुई। सोमवार से मंगलवार सुबह 8.30 बजे तक 016.8 मिमी और शाम साढ़े पांच बजे तक 000.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश पालम इलाके में 002.8 मिमी दर्ज हुई। हालांकि मंगलवार के लिए मौसम विभाग ने बारिश का येलो अलर्ट जारी किया था, लेकिन तेज बारिश नहीं हुई।
मौसम विभाग की मानें तो बुधवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। बुधवार के लिए भी बारिश का येलो अलर्ट है और हवाएं भी चलेंगी। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहने का अनुमान है। आसमान में बादल छाए रहने व हल्की बारिश का यह दौर दो सितंबर तक जारी रहेगा। विभाग ने इस दौरान तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25-26 डिग्री रहने की का अनुमान जताया है।