नई दिल्ली। 2016 से लापता जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के छात्र नजीब अहमद के मामले की क्लोजर रिपोर्ट के विरोध में शुक्रवार को साबरतमती ढाबे पर जेएनयू छात्र संघ की ओर से विरोध दर्ज कराया गया। नजीब की मां फातिमा नफीस भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुई। इस दौरान उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि वह बेटे का इंतजार आखिरी सांस तक करती रहेंगी। छात्र संघ ने कहा कि नजीब को तलाश किए बिना सीबीआई ने कोर्ट में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दी। उसके परिजन नौ साल से इंसाफ का इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में लड़ाई लड़ेगे। छात्र संघ की उपाध्यक्ष मनीषा ने कहा कि छात्र संघ नजीब की मां के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। छात्र संघ नजीब की मां को इंसाफ दिलाकर रहेगा। छात्र संघ अध्यक्ष नीतीश कुमार ने संसद के मानसून सत्र में सांसदों से नजीब का मामला उठाने की अपील की। ब्यूरो