अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने हत्या के दो और एक गंभीर हमले के एक मामले में वांछित बदमाश लवकुश उर्फ जीतू को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। उसके खिलाफ पहले से हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट और मारपीट सहित कुल नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। शाखा के पुलिस उपायुक्त चंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 29 मार्च को डाबरी के मधु विहार इलाके में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर हनी, अनीश और रोहित कश्यप पर चाकू से हमला किया गया था। उपचार के दौरान हनी की मौत हो गई।