अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
विवेक विहार में आग लगने से नौ लोगों की मौत के मामले में आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक संजीव झा ने इस घटना को हादसा नहीं, बल्कि सिस्टम की नाकामी बताया है। संजीव झा ने कहा कि घटना की सूचना समय पर दी गई थी, इसके बावजूद दमकल विभाग मौके पर देर से पहुंचा और उसके पास पर्याप्त उपकरण भी नहीं थे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार खुद को मॉडर्न सिस्टम से लैस बताती है, तो जमीनी स्तर पर यह व्यवस्था नजर क्यों नहीं आती। उनके मुताबिक, आग पर काबू पाने में देरी और संसाधनों की कमी के कारण लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। उन्होंने कहा कि सरकार अब इस घटना के लिए मकान में एक ही सीढ़ी होने का तर्क दे रही है, जो पूरी तरह से गलत है। झा ने तंज कसते हुए पूछा कि क्या मुख्यमंत्री और मंत्रियों के घरों में दो-दो सीढ़ियां हैं? संजीव झा ने पालम अग्निकांड का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी दमकल विभाग के पास पर्याप्त उपकरण नहीं थे, जिससे लोगों को बचाया नहीं जा सका।