उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के दनकौर के पारसौल गांव निवासी एक युवक की कार का बुलंदशहर और नोएडा में चालान हो गया। जबकि पीड़ित के अनुसार उसकी कार काफी समय से गांव में ही है। उसकी कार की नंबर प्लेट का किसी दूसरे कार चालक ने इस्तेमाल किया है।
बुधवार को युवक ने कोतवाली पहुंचकर मामले की शिकायत की। पीड़ित मोहित कुमार ने बताया है कि मंगलवार को उसे कार के बुलंदशहर व नोएडा में कुल छह हजार के ऑनलाइन चालान के मैसेज मिले। उन्होंने ऑनलाइन चालान से कार का फोटो निकाला तो पता चला कि एक उनके जैसी दिखने वाली कार पर उनकी कार की नंबर प्लेट भी लगी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ट्रक की टक्कर से दुजाना गांव के गेट क्षतिग्रस्त
दादरी के जीटी रोड स्थित दुजाना गांव के रास्ते पर बने मुख्य गेट को ट्रक ने टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे के वक्त गेट के पास बने खोखे में सो रहा दुकानदार बाल-बाल बचा। पुलिस ने बताया कि मंगलवार देर रात तेज रफ्तार ने ट्रक ने गांव के गेट में टक्कर मार दी। गेट के गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद ट्रक गेट में फंस गया और चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों ने ट्रक चालक के खिलाफ शिकायत दी है।