दिल्ली विश्वविद्यालय ने स्नातक कोर्सेज में दाखिले के लिए रविवार आधी रात 12 बजे के बाद दूसरी सीट आवंटन सूची जारी कर दी। इस सूची के बाद डीयू के कॉलेजों में दाखिले की राह और ज्यादा कठिन हो गई है। दूसरी सूची में 8,133 छात्रों को सीट आवंटित की गई है। जबकि 11,647 छात्रों की सीट को अपग्रेड किया है। दरअसल पहली सूची से पहले पसंद का कॉलेज व कोर्स न मिलने के कारण छात्रों ने अपग्रेड के विकल्प का चयन किया था।
डीयू को रविवार शाम तक दूसरी सीट आवंटन सूची जारी करनी थी, लेकिन किन्हीं कारणों से इसे आधी रात के बाद जारी किया गया। सूची में सीट आवंटित होते ही छात्रों ने सीट को स्वीकार करना शुरू कर दिया। डीयू से प्राप्त आंकड़ों पर नजर डालें तो खाली सीटों पर दाखिले के लिए कुल 35 हजार 388 छात्रों ने अपग्रेड का विकल्प चुना था। दूसरी सूची जारी होने पर इनमें से 33,739 अपग्रेड के लिए आवेदन किया। इसके आधार पर करीब 11, 647 छात्रों की सीट को अपग्रेड किया गया। मालूम हो कि पहली सूची से पहले कुल 80,164 सीट आवंटित की गई थी। इसमें से करीब ने 59,100 ने दाखिला लेकर 35, 388 ने अपग्रेड का विकल्प चुना था। दूसरी सूची में नई सीट 8,133 छात्रों को आवंटित की गई है। जबकि 1868 छात्र ऐसे हैं जिन्होंने सीट को स्वीकार कर लिया और कॉलेज ने उन्हें दाखिले की मंजूरी दे दी और अब उन्हें फीस का भुगतान करना है।
दूसरी सूची में जिन छात्रों को सीट आवंटित की गई है या जिनकी अपग्रेड की गई है, उन्हें उसे स्वीकार करना जरूरी है। यदि वह स्वीकार नहीं करते तो वह सीट रद हो जाएगी। सीट स्वीकार नहीं करने, फीस का भुगतान नहीं करने या फिर अपग्रेड का विकल्प नहीं चुनते हैं तो वह कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम से बाहर हो जाएंगे। अपग्रेड का विकल्प चुनने पर सीटें खाली बचने पर डीयू की तीसरी सूची में छात्रों की सीट अपग्रेड की जाएगी। डीयू अधिकारी के अनुसार अगली सूची में सीट आवंटन होगी या नहीं यह दूसरी सूची की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही कहा जा सकेगा।
मंगलवार तक सीट स्वीकार करने का समय
दूसरी सूची के तहत आवंटित सीट को स्वीकार करने के लिए छात्रों के पास मंगलवार शाम 4 बजकर 59 मिनट तक का समय है। जबकि कॉलेज दो नवंबर शाम पांच बजे तक सत्यापन कर दाखिले को मंजूर करेंगेे। वहीं छात्र सीट को पक्का करने के लिए तीन नवंबर शाम 4 बजकर 59 मिनट तक फीस जमा करा सकेंगे। चार नवंबर को खाली सीटों की जानकारी डीयू दाखिला वेबसाइट पर प्रदर्शित की जाएगी।