संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। ऑपरेशन मिलाप के तहत मध्य जिला पुलिस ने तीन नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद किया। हौज काजी थाना पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में स्थानीय लोगों की मदद, तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी फुटेज से बच्चों का पता लगाया। पुलिस के मुताबिक, 12 नवंबर को सीताराम बाजार से 11 वर्षीय बच्चा लापता हो गया था। पुलिस ने लाल कुआं इलाके से महज 55 मिनट में बच्चे को तलाश लिया। वहीं, 11 नवंबर से लापता मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चे के पिता ने 13 नवंबर की रात हौज काजी थाने में शिकायत दी। वेलकम थाना पुलिस से मिले अलर्ट के आधार पर बच्चे को सकुशल बरामद किया। तीसरे मामले में आठ नवंबर को चावड़ी बाजार से लापता 15 वर्षीय किशोर को पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से तलाशा।