बाहरी उत्तरी दिल्ली इलाके के बवाना जेजे कॉलोनी में बुधवार देर शाम दुस्साहसी बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दो युवकों की हत्या कर दी। मामले में नरेला औद्योगिक थाना क्षेत्र पुलिस ने हत्या की धारा में एफआईआर दर्ज चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मृतकों की शिनाख्त इरशाद और फैजाना के तौर पर हुई है। दोनों इलाके में ही बढ़ई का काम करते थे । फिलहाल पुलिस ने दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए अस्पताल के शव ग्रह में सुरक्षित रखवा दिया है। हत्या किस लिए की गई है अभी इसकी जांच की जा रही है। हालांकि बताया जा रहा है कि वारदात को रोडरेज में दो बाइक सवार चार बदमाशों ने अंजाम दिया है।
जानकारी के अनुसार, इरशाद और फैजाना बवाना जेजे कालोनी में परिवार के साथ रहते थे। दोनों बवाना औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ई का काम करते थे। बुधवार शाम इरशाद और फैजान अपना काम खत्म कर घर आ रहे थे। तभी बवाना जेजे कालोनी स्थित 100 फुटा रोड के पास दो बाइक पर सवार चार युवक गलत तरीके से बाइक चला रहे थे।
इरशाद और फैजान ने बाइक सवारों को ठीक से बाइक चलाने को कहा। इस पर आरोपियों ने बहस किया और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर इरशाद और फैजान को गंभीर रूप से घायल कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने इन दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने नाबालिगों को पकड़ा
दिल्ली पुलिस ने बताया कि एनआईए पुलिस स्टेशन को एक पीसीआर कॉल मिली। कॉल पर सूचना देते हुए बताया कि बवाना में सड़क पर दो लोग (17 और 20 साल के) घायल अवस्था में पड़े हैं। दोनों को चाकू से चोटें आई थीं और इलाज के दौरान दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।
स्थानीय जांच में पता चला कि दोनों जी-ब्लॉक जेजे कॉलोनी बवाना दिल्ली में बाइक को टेढ़े-मेढ़े तरीके से चला रहे थे, तभी 4 नाबालिगों ने उन्हें रोका और उनके बीच झगड़ा हो गया। दो नाबालिगों ने चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया, जिसमें वे घायल हो गए। इसके अलावा, सभी नाबालिगों को पकड़ लिया गया है। जिनमें से दो की उम्र 15 साल, एक की उम्र 16 साल और एक की उम्र 13 साल है। पुलिस स्टेशन एनआईए में धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत एक एफआईआर दर्ज की गई है और आगे की जांच जारी है।