दिल्ली समेत गुरुग्राम में बिजली का करंट लगने से पांच की मौत हो गई। बिंदापुर इलाके के डीडीए फ्लैट्स में बिजली का करंट लगने से 12 साल के बच्चे की मौत हो गई। घटना के समय बच्चा ट्यूशन पढ़कर घर आ रहा था। मृतक की शिनाख्त 12 साल के मुदित कुमार के रूप में हुई है। बच्चे के पिता रमन ने बताया कि मुदित को ट्यूशन से लौटते समय उनके घर के पास बिजली का झटका लगा। घटनास्थल की जांच में जमीन के नीचे से कटे हुए बिजली के तारों वाले दो प्लास्टिक पाइप मिले है। तार एक फ्लैट के पास दीवार से बंधी हुई थीं। पुलिस लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
मीठापुर में करंट लगने से एसआई की मौत
दिल्ली के जैतपुर इलाके में एक एसआई की करंट लगने से मौत हो गई। दिल्ली पुलिस ने बताया कि बीती रात आठ बजे मीठापुर में प्रभात नाम के एसआई की घर पर करंट लगने से मौत हो गई। पता चला है कि बारिश की दौरान एसआई छत पर गया था। वॉटर टैंक अलार्म के संपर्क में आने से मौत हो गई। कोई चश्मदीद नहीं है कि आखिर हादसा करंट लगने से ही हुआ है। फिलहाल, मामले की पुष्टि की जा रही है।
गुरुग्राम में करंट लगने से तीन लोगों की मौत
बीते दिन भारी वर्षा के दौरान इफको चौक मेट्रो स्टेशन के पास एक पेड़ के साथ बिजली का तार टूट कर नीचे सड़क पर गिर गया। इससे तीन लोगों की करंट लगने से मौत हो गई। तीनों एक निजी कंपनी में काम करते थे और इफको चौक मेट्रो स्टेशन जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली के संगम विहार निवासी वसीम, उत्तर प्रदेश के उन्नाव निवासी देवेंद्र वाजपेई और महेंद्रगढ़ निवासी जयपाल यादव मानेसर की निजी कंपनी में काम करते थे। देर रात 11 बजे सभी लोग इफको चौक मेट्रो स्टेशन जा रहे थे। मेट्रो स्टेशन के पास एक पेड़ के साथ बिजली का तार टूटकर नीचे सड़क पर गिर गया। ये तीनों तार की चपेट में आ गए। आसपास के लोग और पुलिसकर्मी तीनों को पास के ही निजी अस्पताल ले गए, यहां डॉक्टरों ने इन्हें मृत घोषित कर दिया।
गाजियाबाद में करंट लगने से युवक की मौत
इंदिरापुरम कोतवाली क्षेत्र के न्याय खंड एक में बुधवार रात झमाझम बारिश से जल भराव होने पर बिजली के खंबे से पानी में करंट फैल गया। जिसकी चपेट में आने से गाड़ी चालक विनायक कुमार बुरी तरह झुलस गया। उसे स्थानीय लोग तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे वहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। इंदिरापुरम पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बृहस्पतिवार सुबह एक ई रिक्शा चालक को भी करंट का झटका लगा था लेकिन उसने भाग कर अपनी जान बचा ली। इससे पहले रात में एक कुत्ता भी करंट की चपेट में आने से मर गया।