एनडीपीएस मामले में दो दोषियों को 38 दिन की जेल के बाद मिली सजा
-अदालत ने दोषियों पर 500-500 रुपये जुर्माना भी लगाया
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। कड़कड़डूमा कोर्ट ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में दो आरोपियों को दोषी करार देते हुए उन्हें पहले से जेल में बिताई गई अवधि की सजा सुनाई है। अदालत ने दोनों आरोपियों पर 500-500 रुपये का जुर्माना भी लगाया है। अभियोजन पक्ष ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए दोनों को अधिकतम सजा देने की मांग की। हालांकि, अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश समीर बाजपेयी की अदालत ने बरामद मादक पदार्थ की मात्रा, दोनों आरोपियों के पहली बार अपराध में शामिल होने और उनकी 38 दिन की न्यायिक हिरासत को ध्यान में रखते हुए उन्हें जेल में बिताई गई अवधि के बराबर सजा सुनाई। साथ ही दोनों पर 500-500 रुपये का जुर्माना लगाया गया, जिसे उन्होंने अदालत में जमा कर दिया। जानकारी के अनुसार, फर्रुखनगर बाजार थाना क्षेत्र में दर्ज एफआईआर नंबर 504/25 के तहत अमर सिंह और राज कुमार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 15 और 29 के तहत मामला दर्ज किया था।