दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने कारों के ईसीएम (इंजन कंट्रोल मॉड्यूल) चुराने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश कर दो आरोपी मोहम्मद इरफान और मोहम्मद खालिद को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिल्ली-एनसीआर में कारों से ईसीएम चुराते थे और चोरी के ईसीएम दिल्ली व यूपी में बेचते थे। पुलिस की शुरूआती जांच में ये बात सामने आई है कि आरोपी अभी तक 100 से ज्यादा ईसीएम चुरा चुके हैं। ये पहले आई-10 कार से ईसीएम चुराने जाते थे। जब यूपी पुलिस ने इस कार को जब्त कर लिया तो आरोपी मोटरसाइकिल से ईसीएम चुराने लगे। उनसे पूछताछ की जा रही है।
अपराध शाखा के विशेष पुलिस आयुक्त रविंद्र सिंह यादव ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर से वाहनों के ईसीएम चोरी करने वाले गिरोह को पकडने की जिम्मेदारी शाखा की एईकेसी में तैनात इंस्पेक्टर दलीप कुमार की टीम को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अलग-अलग वाहनों की ईसीएम चोरी में शामिल दो आरोपी बाइक से रिंग रोड, टी-प्वाइंट महारानी बाग, ईस्टर्न एवेन्यू, दिल्ली आने वाले हैं। पुलिस टीम ने रिंग रोड, टी-पॉइंट महारानी बाग, ईस्टर्न एवेन्यू, दिल्ली में जाल बिछाया गया और मोहम्मद इरफान और मोहम्मद खालिद को चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दिल्ली और दिल्ली से लगे आसपास के राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों में विभिन्न वाहनों से मध्य रात्रि के दौरान ईसीएम की चोरी करते हैं। सबसे पहले ये वाहन की रैकी करते थे। फिर मध्य रात्रि के दौरान ईसीएम चोरी करते हैं। वह खालिद से मिला और ईसीएम चोरी करना शुरू कर दिया। मोहम्मद इरफान के खिलाफ चोरी, सेंधमारी, आर्म्स एक्ट, स्नैचिंग और डकैती के 27 आपराधिक मामले दर्ज हैं। मोहम्मद खालिद के खिलाफ चोरी के 11 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी से ईसीएम चोरी होने के 11 मामले सुलझाए हैं और इनके कब्जे से 11 ईसीएम बरामद किए हैं।